गुजरात में इबोला का पहला संदिग्ध मामला, वडोदरा का युवक अहमदाबाद में भर्ती

गुजरात में इबोला का पहला संदिग्ध मामला, वडोदरा का युवक अहमदाबाद में भर्ती
Facebook WhatsApp

अहमदाबाद। अफ्रीकी देश कांगो में इन दिनों इबोला वायरस का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। कांगो के पूर्वी इतुरी प्रांत में अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 246 संदिग्ध मामले सामने आए हैं।विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है। इसी के चलते गुजरात सरकार भी सतर्क हो गयी है और अफ्रीकी देशों से आने वाले लोगों को होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है।

मुंबई के रास्ते वडोदरा पहुंचे 37 वर्षीय युवक में इबोला जैसे संदिग्ध लक्षण मिलने के बाद उसे अहमदाबाद की सिविल अस्पताल में भर्ती कर 11 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया है। उसके ब्लड सैंपल लेकर विभिन्न जांचें की जा रही हैं।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने बताया कि युवक कांगो से मुंबई होते हुए वडोदरा पहुंचा था। एहतियात के तौर पर उसे निगरानी में रखा गया है। अब तक उसकी किसी भी रिपोर्ट में इबोला की पुष्टि नहीं हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संदिग्ध मरीज के संपर्क में आए एक डॉक्टर और दो अन्य लोगों को भी सावधानी के तौर पर क्वारंटीन किया गया है। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल भारत या गुजरात में इबोला का कोई भी कन्फर्म केस सामने नहीं आया है।

अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एएमसी) ने भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। युगांडा, दक्षिण सूडान और कॉंगो से अहमदाबाद आने वाले लोगों की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की जा रही है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। एसवीपी अस्पताल में इबोला संदिग्ध मरीजों के लिए 60 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है।एएमसी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. भाविन सोलंकी ने बताया कि राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार एयरपोर्ट, सिविल अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय बनाकर निगरानी की जा रही है।

पिछले तीन दिनों में युगांडा से 11 लोग अहमदाबाद पहुंचे हैं। इनमें थलतेज के 10 और जोधपुर क्षेत्र का 1 व्यक्ति शामिल है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। किसी में भी फिलहाल कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं और न ही वे किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि यदि इन देशों से आने वाले किसी यात्री में लक्षण पाए जाते हैं तो उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कर संदिग्ध मरीज के तौर पर निगरानी में रखा जाएगा। फिलहाल गुजरात में इबोला का कोई पॉजिटिव मामला दर्ज नहीं हुआ है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page