रमेश हत्याकांड में दो गिरफ्तार,भेजे गए जेल
-सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के छपवा हरसिद्धि मुख्य मार्ग स्थित धनखरैया खीरीबारी मक्के के खेत से बरामद युवक रमेश हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी सेल की मदद से दोनों को मामले में संलिप्त पाया।गिरफ्तार आरोपितों में हरसिद्धि बाजार निवासी प्रकाश कुमार 38 वर्ष पिता स्व. मुनीलाल शाह तथा यादवपुर पंचायत के दुदही भरवलिया निवासी वीर बहादुर शाह का पुत्र संतोष कुमार शाह शामिल हैं।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मृतक रमेश के भाई दिनेश कुमार, नंदपुर परसौना थाना संग्रामपुर निवासी ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर बताया था कि रमेश पहले जेनरल स्टोर का दुकान चलाता था। दुकान बंद करने के बाद उसने अपना सामान प्रकाश, संतोष समेत अन्य लोगों को दे दिया था, जिसके एवज में कुछ राशि बकाया थी।
बताया गया कि रमेश बकाया रुपये की मांग करने हरसिद्धि आया था। घर से निकलते समय उसने परिजनों को बताया था कि वह काठमांडू जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में प्रकाश कुमार रमेश को स्कूटी पर बैठाकर संतोष के पास ले जाते दिखा। इसके बाद दोनों उसे मोबाइल खरीदने के लिए दो दुकानों पर भी ले गए। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि संतोष अपने स्कूटी वाहन से रमेश को संतोष के पास गया था, लेकिन वहां से संतोष कुमार अपने बाइक से रमेश को कब्र के तरफ ले जाते देखे गए,रमेश और संतोष कब्र से हरसिद्धि बाजार के तरफ वापस नहीं लौटे।
मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी की गई। बुधवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या मामले के अनुसंधान में कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं। तकनीकी सेल की मदद से अन्य संभावित आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले का पूर्ण खुलासा शीघ्र किया जाएगा। इस मामले के उद्वेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार प्रवेशी पदाधिकारी अजय कुमार अपार थाना अध्यक्ष कुमार दरोगा अविनाश कुमार प्रशिक्षित दरोगा सहीत सिपाही अजय कुमार शामिल थे

