जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के बीच पहुंचे नीतीश कुमार, कार्यक्रम का लिया जायजा
-पीएम मोदी का सुझाव देशहित में महत्वपूर्ण, विपक्ष अंधविरोध की प्रवृत्ति से ग्रसित: विजय कुमार चाैधरी
पटना। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय, पटना में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार काे किया गया।इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का भी आगमन हुआ। उन्होंने कार्यक्रम का जायजा लिया तथा इस मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से आत्मीय भेंट कर उनका हाल-चाल जाना।
नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय में कुछ घंटाें के लिए रूके और जनसुनवाई कार्यक्रम काे गंभीरता से सुना। वहां निकलते हुए उन्हाेंने कार्यालय का निरीक्षण करते हुए नेताओं काे निर्देश दिये।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से किया गया आह्वान सराहनीय एवं दूरदर्शी है। किसी भी देश की आर्थिक स्थिति का आकलन उसके विदेशी मुद्रा भंडार के आधार पर किया जाता है, जिसमें पेट्रोलियम एवं स्वर्ण के आयात पर बड़़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा व्यय होती है। इस संदर्भ में पेट्रोलियम पदार्थों के कम उपभोग एवं सोने की संयमित खरीद का दिया गया सुझाव राष्ट्रहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्षी दल अनावश्यक विरोध की प्रवृत्ति से ग्रसित हैं, जिसके कारण वे सरकार के प्रत्येक निर्णय पर आधारहीन प्रश्न उठाते हैं। प्रधानमंत्री के सुझावों को नकारात्मक दृष्टि से देखना उनकी राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश की जनता से किया गया आह्वान सभी को अपनाना चाहिए, जो निश्चित रूप से देशहित में लाभकारी सिद्ध होगा। देश सर्वोपरि है और राष्ट्रहित से जुड़़़़े मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
शीला मंडल ने कहा कि एनडीए सरकार किसी भी स्थिति में क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से कोई समझौता नहीं करेगी। साथ ही, माननीय श्री नीतीश कुमार द्वारा स्थापित सुशासन की नीति आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

