छतौनी ओवर ब्रिज निर्माण में हो रहे बिलंब पर भड़के डीएम
-एनएचआई ने निर्माण एजेंसी से किया जबाब तलब
-निर्माण में आड़े आ रही बाधाओं को दूर करने का एसडीएम को निर्देश
मोतिहारी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोतिहारी छतौनी ओवरब्रिज इस क्षेत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इस पुल के पूर्ण होने पर न केवल मोतिहारी शहर के भीतर यातायात सुगम होगा, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों एवं सामान्य यात्रियों के आवागमन में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। छतौनी चौक वर्तमान में अत्यधिक यातायात दबाव वाला क्षेत्र है। नतीजतन इस ओवरब्रिज के पूर्ण होने के बाद यहां जाम की स्थायी समस्या से जनता को राहत मिलेगी।
बुधवार को जिला प्रशासन एवं एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा छतौनी ओवरब्रिज एवं छतौनी चौक का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा से काफी पीछे चल रहा है, जो किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है। इस परियोजना में हो रहे विलंब को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई द्वारा संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

वहीं स्पष्ट किया गया है कि आगे किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण एजेंसी से कहा गया है कि वह युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ करे और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करे।
एजेंसी के द्वारा बताया गया कि निर्माण कार्य में एक बाधा अतिक्रमण है। इसे देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदर को निर्देश दिया गया है कि वे दंडाधिकारी एवं पर्याप्त बल की तैनाती सुनिश्चित करते हुए अगले कुछ दिनों के भीतर संबंधित स्थलों से अतिक्रमण हटवाएं। इसके साथ ही सब्जी मंडी के निकट यातायात डायवर्जन एवं साइड लेन की व्यवस्था भी बल की मौजूदगी में शीघ्र की जाएगी, जो निर्माण कार्य की गति के लिए अनिवार्य है।

