मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की नगर विकास, पंचायत और पर्यटन विभाग की समीक्षा,योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की नगर विकास, पंचायत और पर्यटन विभाग की समीक्षा,योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक की।बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं में तेजी लाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, जलापूर्ति और आधारभूत संरचनाओं के निर्माण पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, वे मजबूत, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बचे हुए लाभुकों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले बेघर परिवारों को जल्द से जल्द पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल का प्रभावी उपयोग किया जाए। इससे कचरे के बेहतर प्रबंधन, पुनर्चक्रण और सदुपयोग की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल सकेंगे।

सीवरेज व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने एसटीपी (सीवरेज शोधन संयंत्र) को पूरी तरह कार्यात्मक बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के किनारे जहां-जहां एसटीपी निर्माणाधीन हैं, वहां कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही सीवरेज नेटवर्क का विस्तार कर शहरों में स्वच्छता और जल संरक्षण को मजबूत किया जाए।

मुख्यमंत्री ने शवदाह गृह और मोक्ष धाम के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इनका निर्माण वहीं कराया जाए, जहां पारंपरिक रूप से अंतिम संस्कार किया जाता रहा है, ताकि लोगों को सुविधा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान मिल सके।

उन्होंने ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना’ के तहत लगाए गए सभी सोलर लाइटों को पूरी तरह कार्यात्मक बनाए रखने पर बल दिया। इसके लिए एक प्रभावी निगरानी प्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि सोलर लाइटों का संचालन सुचारु रूप से हो रहा है।

सम्राट चौधरी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीसीटीवी सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि इससे पंचायत स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और निगरानी व्यवस्था बेहतर बनेगी।

पटना मेट्रो रेल परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाने और इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर टर्मिनल तक मेट्रो परियोजना को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही पटना रेलवे जंक्शन तक मेट्रो कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएसबीटी, राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना जंक्शन का पटना मेट्रो रेल से शीघ्र जुड़ जाना आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी होगा। इससे शहर में आवागमन आसान होगा और यातायात दबाव भी कम होगा।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने और जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page