सारण में स्कॉर्पियो-ऑटो की टक्कर में महिला समेत तीन लोगों की मौत, चार घायल
सारण। बिहार के सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर गांव के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।यह हादसा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, सभी लोग दिघवारा के मानोपुर से शिव चर्चा कार्यक्रम में शामिल होकर ऑटो से अपने गांव गड़खा थाना क्षेत्र के झौवा बसंत लौट रहे थे। इसी दौरान सैदपुर गांव के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
हादसे में झौवा बसंत निवासी 48 वर्षीय लालझरी देवी (पति-किशन देवराम), 17 वर्षीय बृजमोहन मांझी उर्फ सुखन सुकन (पुत्र-स्वर्गीय राजेश्वरी मांझी) तथा 60 वर्षीय शंकर राम (पुत्र-स्वर्गीय जनक राम) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
दुर्घटना में घायल चार लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल दिघवारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घायलों में सुमित्रा देवी (45 वर्ष), पति सत्यदेव राम; विरेन्द्र मांझी (30 वर्ष), पिता रामबाबू मांझी; रिया कुमारी (15 वर्ष), पिता मनोज राम; तथा लालमुनी देवी (50 वर्ष), पति रूदल राम शामिल हैं। सभी गड़खा थाना क्षेत्र के झौवा बसंत गांव के निवासी हैं।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही दिघवारा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

