एसएसबी ने नेपाल भेजी जा रही 61 बोरी खाद किया जब्त, तीन युवक हिरासत में
मोतिहारी। जितना थाना क्षेत्र के सीमावर्ती घोंघिया गांव में शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसबी बड़हरवा कैंप के जवानों ने 61 बोरा खाद जब्त कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर की गई।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में जवानों ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी और जितना पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान एक गोदाम में रखे खाद को तीन युवक बाइक के माध्यम से नेपाल भेजने की तैयारी में लगे थे। मौके से तीनों युवकों को हिरासत में लेते हुए बाइक और गोदाम में रखे सभी खाद को जब्त कर कैंप लाया गया।
बताया जा रहा है कि सीमा क्षेत्र में लगातार कार्रवाई के बावजूद खाद की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार, इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड घोड़ासहन का एक बड़ा खाद कारोबारी बताया जा रहा है, जो बिना वैध कागजात के रातों-रात खाद को सीमा पार नेपाल भेजवाता है।ग्रामीणों ने जब्त खाद की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामकुमार पासवान ने बताया कि पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

