चौकीदार पर मारपीट व अश्लील हरकत का आरोप
कोटवा। थाना क्षेत्र के जमुनिया जसौली गांव में एक महिला ने गांव के चौकीदार पर मारपीट कर घायल करने और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाई है। इस संबंध में पीड़िता ने कोटवा थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। अपने दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के चौकीदार शिवनाथ राय ने उसके साथ गलत करने की कोशिश किया, जिसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। उक्त घटना में वह घायल हो गई। पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर बचाने पहुंचे उसके पति अशोक यादव के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।
घटना के बाद परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। वहीं, पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष करण सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला पट्टीदारों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसमें मारपीट की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

