वीर कुंवर सिंह विजय दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न
वीर कुंवर सिंह का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : अभिजीत सिंह
मोतिहारी/घोड़ासहन। प्रखंड अंतर्गत श्रीपुर स्थित रामाशीष सिंह चौक पर वीर कुंवर सिंह जी के विजय दिवस के अवसर पर वीर कुंवर महाराणा पृथ्वीराज विचार मंच के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के अनेक लोग, जनप्रतिनिधि, युवाओं सहित आमजनों ने भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विचार मंच के अध्यक्ष बिंदेश्वरी सिंह ने की। जबकि संचालन दिनेश सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से को-ऑपरेटिव बैंक के उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, ब्रिजमोहन सिंह, प्रकाश सिंह, बिजली सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिजीत सिंह चौहान, पूर्व प्रत्याशी ढाका विधानसभा ने कहा कि वीर कुंवर सिंह का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम इस पावन अवसर पर संकल्प लें कि समाज में एकजुट रहकर अपने प्रखंड, विधानसभा, जिला एवं प्रदेश के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ी को हमारे महान योद्धाओ वीर कुंवर सिंह, महाराणा प्रताप एवं पृथ्वीराज चौहान के जीवन, वीरता और सिद्धांतों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जानी चाहिए। इतिहास की पुस्तकों में इनके योगदान को और व्यापक रूप से स्थान मिलना चाहिए।
उन्होने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता, एकता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करता हैं। युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करता हैं। श्री सिंह ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। उन्होने पुरनहिया–झरोखर सड़क का नाम “वीर कुंवर सिंह पथ” करने को कहा, जहां उपस्थित सभी ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।
वहीं निर्णय लिया गया कि 23 तारीख को उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर इस संबंध में एक ज्ञापन सभी जनप्रतिनिधियों एवं सरकार को प्रेषित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए वीर कुंवर सिंह की वीरता, त्याग एवं सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभा में यह सामूहिक संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी प्रति वर्ष वीर कुंवर सिंह, महाराणा प्रताप एवं पृथ्वीराज चौहान की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।

