महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार की नीति सराहनीय : गायत्री देवी
– सांसद पप्पू यादव सार्वजनिक रूप से मांगे माफी मोतिहारी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों को सराहा। इस अवसर पर परिहार विधानसभा के विधायक सह सचेतक गायत्री देवी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें नारी शक्ति वंदन विधेयक प्रमुख है।
उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की है। आधी आबादी को उनके हक से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा विधायिका ने दावा किया कि उनकी पार्टी महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में महिलाएं ही देश की दिशा तय करेंगी। इस दौरान पप्पू यादव के कथित आपत्तिजनक बयान की कड़ी निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता शर्मा ने कहा कि, इसी 25 अप्रैल को महिलाओं के द्वारा जन आक्रोश रैली सुबह 8:00 बजे चरखा पार्क से निकलकर टाउन हॉल मैदान तक जाएगी, जिसमें बेतिया के विधायक पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी भी शामिल रहेंगी। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा संगीता चित्रांश, डॉ. हेना चंद्रा, उषा गुप्ता, रंजना श्रीवास्तव, प्रियंका गिरी, मालती देवी, संध्या वर्मा एवं अन्य भाजपा नेत्री उपस्थित थी।

