साहेबगंज से लापता युवक का शव केसरिया से बरामद
मोतिहारी। जिले के बीजधरी थाना क्षेत्र स्थित बगही चौर से मंगलवार देर शाम एक युवक का शव बरामद किया गया।जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान शव की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के अहियापुर बड़ा कुसेदा निवासी सुनील कुमार के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि वह पिछले एक सप्ताह से लापता था,जिसकी तलाश पुलिस कर रही थी।मिली जानकारी के अनुसार युवक के लापता होने के बाद मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने अपने ही भाई पर सुनील पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस लगातार जांच में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, चार दिन पहले सुनील कुमार की स्कूटी राघवा नदी से बरामद हुई थी।
इस सुराग के आधार पर पुलिस उसकी तलाश तेज कर दी थी। अब शव मिलने के बाद मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है, साथ ही परिजनों के आरोपों की भी पड़ताल हो रही है। जल्द ही मामले के खुलासे कर लिया जायेगा।

