आदापुर में अपराधियो ने व्यवसायी को मारी गोली,6 लाख रूपये लुटने के बाद हुए फरार,जांच में जुटी पुलिस
पूर्वी चंपारण। जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के औरैया-श्यामपुर पथ पर पुरानी चावल मिल के दक्षिण स्थित पुल के पास बुधवार देर शाम बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने एक व्यवसायी को गोली मारकर नकदी से भरा झोला लूट कर फरार हो गये।
मिली जानकारी के अनुसार,पीड़ित व्यवसायी विजय कुमार गुप्ता लाला छपरा चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर श्यामपुर बाजार स्थित अपने घर लौट रहा था।इस दौरान अपराधियों ने निशाना बनाया।बताया गया है,कि
अपराधियों ने व्यवसायी विजय के दाहिने पैर के घुटने में गोली मार दी और उनके पास मौजूद रुपये से भरा झोला लूट लिया।पीड़ित व्यवसायी के अनुसार झोले में करीब से 6 लाख रुपये थे।गोली लगने के बाद विजय कुमार गुप्ता घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि वारदात में तीन अपराधी शामिल थे और सामने आने पर उन्होने सबकी पहचान करने का दावा किया है।उन्होने बताया कि अपराधी उनकी बाइक भी ले जाने की फिराक में थे,लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह सफल नही हो सके।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल से बाइक व गोली के निशान को सुरक्षित रखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया है। थानाध्यक्ष पूजा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। अपराधियों की निशानदेही होने के बाद उन्हे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

