चकिया में बूढ़ी गंडक नदी में डूबे पांच बच्चे, दो लापता
मोतिहारी/चकिया। थाना क्षेत्र के बालोचक गांव के निकट बूढ़ी गंडक नदी में जलबोझी के लिए गए पांच बच्चे नदी में डूब गए। जिसमें से तीन बच्चे को ग्रामीणों द्वारा निकाल लिया गया, लेकिन दो बच्चे अभी भी लापता हैं।घटना सोमवार देर शाम की बताई जाती है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के घासी पाकड़ गांव से कारिक बाबा का पूजा के लिए जलबोझी करने ग्रामीण गए हुए थे। इसी दौरान दौरान पांच बच्चे बूढ़ी गंडक नदी में डूब गए।
इसमें से तीन बच्चों को ग्रामीणों के सहयोग से जिंदा निकाला गया, किंतु दो बच्चे की तलाश जारी हैं।डूबे दो बच्चों में किसी का भी अभी तक पता नहीं चला है।दोनों लापता बच्चों की पहचान सोनू कुमार (19) पिता ध्रुप साह, ग्राम घासी पाकड़ एवं गुड्डू कुमार (17)पिता उपेन्द्र साह, ग्राम घासी पाकड़ निवासी के रूप में बताया जा रहा है।
घटना शाम करीब छः बजे की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से दोनों बच्चे की तलाश कर रही है। किन्तु लापता दोनों बच्चे नहीं मिले हैं। लापता दोनों बच्चों के परिवार वाले काफी परेशान और हतोत्साहित हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम ने बताया कि लापता बच्चों का तालाश चकिया थाना के सहयोग तथा वहां के ग्रामीणों व मछुवारों के सहयोग से जारी है। आवश्यकता पड़ने पर रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाई जाएगी।

