मुख्यमंत्री ने मोकामा में किया 18.11 करोड़ की व्यावसायिक भवन का शिलान्यास, परशुराम मेले का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने मोकामा में किया 18.11 करोड़ की व्यावसायिक भवन का शिलान्यास, परशुराम मेले का उद्घाटन
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना जिले के मोकामा नगर परिषद क्षेत्र स्थित परशुराम स्थान परिसर में 18.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले व्यावसायिक भवन का शिलान्यास किया।इसके साथ ही उन्होंने परशुराम मेले का उद्घाटन भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आने वाले वर्ष में परशुराम मेले को और भव्य बनाया जाए तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए मोकामा के लोगों का स्वागत किया और कार्यक्रम से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों व गणमान्य व्यक्तियों का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मोकामा एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसके विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि क्षेत्र में उद्योगों के विकास की संभावनाओं को देखते हुए जमीन चिन्हित की जाए और भारी उद्योगों के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि यहां सस्ती जमीन उपलब्ध है, जिसका उपयोग औद्योगिक विकास के लिए किया जा सकता है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और स्थानीय विधायक अनंत कुमार सिंह ने मोकामा अस्पताल के उन्नयन का आग्रह किया है। सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य करेगी, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मोकामा में तिरुपति भगवान के मंदिर निर्माण की परिकल्पना की गई है, जिस पर कार्य चल रहा है। भगवान परशुराम को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस क्षेत्र में पुल, फोरलेन और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है। बिहार को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम के दौरान परशुराम स्थान परिसर में बनने वाले व्यावसायिक भवन से संबंधित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस मौके पर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी अपने विचार रखे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page