संदिग्ध हालात में युवक की मौत के बाद गोविंदापुर मे स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, गांव में मेडिकल कैंप जारी

संदिग्ध हालात में युवक की मौत के बाद गोविंदापुर मे स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, गांव में मेडिकल कैंप जारी
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकैता गोविंदापुर पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित गोविंदापुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुरकौलिया की ओर से गांव में मेडिकल टीम तैनात कर दी गई है, जो लगातार निगरानी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान बनारसी साह के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी मौत शराब पीने से हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है, लिहाजा स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल टीम को मौके पर भेजा।

सीएचसी तुरकौलिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने बताया कि मेडिकल टीम गांव में कैंप कर रही है। घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है। टीम का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित बीमार व्यक्ति की पहचान करना और समय रहते उचित इलाज उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि पहली टीम में डॉ. श्वेता कुमारी, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. मधु कुमार श्रीवास्तव और एएनएम सरिता कुमारी शामिल हैं। वहीं दूसरी टीम में डॉ. करमुल रहमान और एएनएम बबिता कुमारी को तैनात किया गया है। दोनों टीमें समन्वय के साथ पूरे गांव का सर्वे कर रही हैं। डॉ. गुप्ता ने बताया कि अब तक की जांच में गांव में कोई भी संदिग्ध मरीज नहीं मिला है, जो राहत की बात है।

हालांकि एहतियात के तौर पर मेडिकल टीम की तैनाती जारी रखी गई है।इधर, घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने पूरे गांव में छापेमारी कर शराब की तलाश की, लेकिन कहीं से भी शराब बरामद नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page