सिकरहना नदी के किनारे बहुप्रतीक्षित रिंग बांध का कार्य भूमि पूजन के साथ हुआ आरंभ

सिकरहना नदी के किनारे बहुप्रतीक्षित रिंग बांध का कार्य भूमि पूजन के साथ हुआ आरंभ
Facebook WhatsApp

सुगौली। प्रखंड के लालपरसा पंचायत के धूमनी टोला में सिकरहना नदी किनारे बहुप्रतीक्षित रिंग बांध निर्माण कार्य का भूमि पूजन के साथ शुभारंभ हुआ।सिकरहना नदी पर बन रहे इस बांध से प्रखंड क्षेत्र के आठ पंचायतों के ग्रामीणों और किसानों को लंबे समय से चली आ रही बाढ़ की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।

बांध निर्माण को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आचार्य अनिल द्विवेदी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया अशफाक अहमद, पूर्व मुखिया ब्रह्मदेव सहनी, महेश सहनी,भाजपा जिला महामंत्री राम एकबाल प्रसाद और नेता विकास शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। सभी ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और इसके समय पर पूरा होने की आशा व्यक्त की।

ग्रामीणों ने बताया कि इस रिंग बांध के निर्माण की मांग लंबे समय से कर रहे थे। उनका कहना था कि हर साल बाढ़ के कारण गांव में जल जमाव और आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी। जिससे उनका जन जीवन बुरी तरह प्रभावित होता था।अब इस बांध के बनने से न केवल बाढ़ से राहत मिलेगी बल्कि गांव के लोगों को आवागमन में भी काफी सुविधा होगी जिससे उनके दैनिक जीवन में सुधार आएगा।

ग्रामीणों ने इस योजना को साकार करने के लिए सांसद डॉ.संजय जायसवाल और विधायक बबलु गुप्ता के प्रयासों की सराहना की।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की पहल से ही यह महत्वपूर्ण परियोजना धरातल पर उतर पाई है। अब ग्रामीण इस बांध के यथाशीघ्र निर्माण पर टिकी हुई हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page