नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद पति के सरकारी कार्य में हस्तक्षेप पर हंगामा
-कार्यालय में उपस्थित पार्षदों ने किया विरोध , स्थिति हाथापाई तक पहुंची
मोतिहारी। सुगौली नगर पंचायत कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब मुख्य पार्षद पति कार्यपालक पदाधिकारी के पास किसी काम को लेकर पहुंच गए। वहां पहले से उपस्थित पार्षदों के द्वारा ईओ के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की जा रही थी। जिसमे मुख्य पार्षद पति ने अनावश्यक हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया।इस बात को लेकर वार्ड पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया , जिसके बाद विवाद बढ़ने लगी और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई।
काफी गरमा गरम बहस के बाद स्थिति तू-तू,मैं-मैं और देख लेने तक भी गई। इस दौरान कर्मियों और स्थानीय लोगो द्वारा बीच-बचाव के बाद मामला शांत कराया गया लेकिन इस घटना ने नगर पंचायत की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पार्षद का कहना था कि विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा के लिए बैठक चल रही थी। इसी दौरान मुख्य पार्षद नसरीन अली के पति अली हसन बैठक में पहुंच गए।जहाँ उपस्थित वार्ड पार्षदों ने उनकी मुख्य पार्षद की जगह उनके पति की उपस्थिति पर आपत्ति जताते हुए कहा , कि यह बैठक केवल निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए है।

जिसमें किसी बाहरी व्यक्ति का शामिल होना उचित नहीं है। इससे कार्यालय की गोपनीयता और मूल पार्षदों की अवमानना मानी जाती है।इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और तब हालात को जैसे तैसे काबू किया गया।

