सत्याग्रह स्मृति भवन में स्थापित ऐतिहासिक दस्तावेजो का डीएम ने अवलोकन किया
-आज से आम जनता को समर्पित-छात्रों को मिलेगा ऐतिहासिक दस्तावेजों का लाभ
मोतिहारी। जिला प्रशासन के द्वारा शनिवार को सत्याग्रह स्मृति भवन का निरीक्षण किया गया। यह भवन चंपारण की ऐतिहासिक धरोहर का एक अनमोल केंद्र है, जहां अनेक दुर्लभ पांडुलिपियां और पुराने अभिलेख संरक्षित हैं। साथ ही महात्मा गांधी से जुड़े ऐतिहासिक फोटोग्राफ और महत्वपूर्ण दस्तावेज़ भी यहां उपलब्ध हैं, जो चंपारण सत्याग्रह की गौरवशाली स्मृतियों को जीवंत रखते हैं।
यह भवन अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। विशेषकर विद्यार्थी यहां आकर इन ऐतिहासिक सामग्रियों का अध्ययन कर सकते हैं और चंपारण की स्वतंत्रता संग्राम में अहम् भूमिका को करीब से जान सकते हैं। यह भवन छात्रों के लिए एक जीवंत शैक्षणिक संसाधन के रूप में उपलब्ध है।

कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा यहां संग्रहित सभी दस्तावेजो और सामग्रियों को ज्ञान भारतम पोर्टल पर डिजिटाइज किया जाएगा, ताकि देश के किसी भी कोने से कोई भी व्यक्ति इस अमूल्य धरोहर तक पहुंच सके। यह कदम चंपारण की ऐतिहासिक विरासत को डिजिटल युग में सुरक्षित और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

