स्वच्छता अभियान सरकार की प्राथमिकता, कोताही बर्दाश्त नहीं : डीडीसी
-नव पदस्थापित प्रखंड समन्वयकों के साथ प्रशिक्षण-सह-परिचयात्मक बैठक
मोतिहारी। उप विकास आयुक्त, डॉ. प्रदीप कुमार ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अन्तर्गत नव पदस्थापित प्रखंड समन्वयकों के साथ प्रशिक्षण-सह-परिचयात्मक बैठक की। उक्त बैठक में निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला समन्वयक, सभी जिला सलाहकार एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे।
सर्वप्रथम उपस्थित सभी प्रखंड समन्वयकों से परिचय किया गया। तत्पश्चात् निदेशित किया कि आज ही वे नव पदस्थापित प्रखंडों में अपना योगदान देना सुनिश्चित करें। वहीं स्वच्छता के निर्धारित सभी मापदंडों की गहन समीक्षा और जमीनी स्तर पर उनमें अपेक्षित प्रगति लाने का सख्त निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के उपरान्त योग्य लाभुकों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही लाभुकों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान करेंगे। दैनिक कचरा उठाव स्वच्छता के प्रति जागरूकता और व्यवस्था को सुदृढ करने के उद्देश्य से प्रत्येक घर से रोजाना कचरा उठाव डोर-टू-डोर कलेक्शन को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का भी निदेश दिया।
जबकि स्वच्छता अभियान को सुदृढ करने के लिए सभी वार्डो में डोर-टू-डोर कचरा उठाव हेतु उपलब्ध ई-रिक्शा एवं पैडल रिक्शा के मरम्मति कार्य को प्राथमिकता में शामिल करेंगे। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि 15 वीं वित्त आयोग की राशि से मरम्मति कार्य अविलम्ब सुनिश्चित करें, ताकि कचरा उठाव का कार्य निर्बाध रूप से संचालित किया जा सके।
सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं स्वच्छता कर्मियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन करने तथा उनके वेतन का भुगतान ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गया। स्वच्छता अभियान सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

