जिंदा जलाने के प्रयास में युवक के शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर लगाई आग

जिंदा जलाने के प्रयास में युवक के शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर लगाई आग
Facebook WhatsApp


-गंभीर स्थिति में मोतिहारी के निजी नर्सिंग होम में भर्ती

पूर्वी चंपारण। जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र के खरिहनिया गांव में शुक्रवार की रात सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना ईदगाह के समीप की बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की पहचान पचपकड़ी गांव निवासी अब्दुल अजीज के पुत्र शहजाद आलम के रूप में हुई है, जिसका इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 10 बजे युवक ईदगाह की ओर से जलती हुई अवस्था में गांव की तरफ भागता हुआ आया। यह देख ग्रामीणों ने किसी तरह से आग बुझाई और उससे घटना की जानकारी ली। युवक ने बताया कि बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और फरार हो गए। उसने तत्काल अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इधर सूचना पर पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस ने घायल युवक से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ स्पष्ट नहीं बता सका। उसने सिर्फ इतना कहा कि दो युवक आए और उस पर पेट्रोल डालकर भाग गए। वहीं, परिजनों ने भी किसी प्रकार की जानकारी देने से परहेज किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है।


थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। घायल व उसके परिजनों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस संबंध में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page