तुरकौलिया के गोविंदापुर मे संदिग्ध हालत मे एक युवक की मौत,परिजन का आरोप शराब पीने से हुई है मौत

तुरकौलिया के गोविंदापुर मे संदिग्ध हालत मे एक युवक की मौत,परिजन का आरोप शराब पीने से हुई है मौत
Facebook WhatsApp

मोतिहारी।तुरकौलिया थाना क्षेत्र के टिकैता गोविंदापुर पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित गोविंदापुर गांव में शुक्रवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान बनारसी साह(36) के रूप में की गई है, जो मूल रूप से रघुनाथपुर के रहने वाले थे, लेकिन करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल गोविंदापुर में ही परिवार के साथ बस गए थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 9 बजे गांव के ही एक भोला नामक व्यक्ति द्वारा लाए गए शराब का सेवन बनारसी साह ने किया था।

मृतक की पत्नी फूलकुमारी देवी ने उन्हें शराब पीने से मना भी किया, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। शराब पीने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख परिजन उन्हें आनन-फानन में ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के साला गोपी साह ने आरोप लगाया है कि जहरीली शराब पीने के कारण ही उनके बहनोई की मौत हुई है। मृतक बावर्ची का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इससे पहले भी पिछले दो सप्ताह के भीतर रघुनाथपुर और तुरकौलिया क्षेत्र के बालगंगा, परसौना, शंकरसरैया, हरदिया समेत कई गांवों में जहरीली शराब पीने से करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही शनिवार की सुबह थानाध्यक्ष सम्पत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। परिजनों द्वारा बताए गए आधार पर पुलिस ने भोला नामक युवक को हिरासत में लिया है, हालांकि वह शराब देने की बात से इनकार कर रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पूरे पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया, लेकिन कहीं से भी शराब बरामद नहीं हो सकी है।

फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page