सशक्त स्थायी समिति का गठन 18 अप्रैल को, नियमों के तहत होगा मतदान
सुगौली। नगर पंचायत की राजनीति में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। आगामी 18 अप्रैल को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान कर समिति के सदस्यों का चयन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य पार्षद पति भाई अली हसन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया बिहार सरकार के नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।
चयन प्रक्रिया में मुख्य पार्षद या उप मुख्य पार्षद की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं होती है। चुने गए सदस्य ही आगे अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए जिम्मेदार होंगे। कहा कि समिति के सदस्य बनने के बाद सभी को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए जनता के हित में कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि चयनित सदस्य बोर्ड के निर्णयों के अनुसार काम करेंगे और विकास योजनाओं को गति देंगे।
विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विरोध करना विपक्ष का काम है, लेकिन विकास कार्यों को नकारना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को देखा जाए तो सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी। अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में लगभग 24 करोड़ रुपये की मूलभूत योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है।
उन्होंने कहा कि इतने कम समय में जितना विकास कार्य हुआ है, वह पहले कभी नहीं हुआ था और आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी।

