अमेरिकी सेना आज सुबह 10 बजे से घेरेगी ईरानी बंदरगाह

अमेरिकी सेना आज सुबह 10 बजे से घेरेगी ईरानी बंदरगाह
Facebook WhatsApp

वाशिंगटन/तेहरान/एजेंसी। अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने रविवार को कहा कि ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी करने के लिए वह तैयार है। यह कार्रवाई 13 अप्रैल की सुबह 10 बजे (पूर्वी समय) से शुरू होगी।सेंटकॉम की घोषणा के बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य नागरिक जहाजों के लिए खुला है। अगर कोई सैन्य जहाज गुजरा तो सख्ती से निपटा जाएगा।

अल जजीरा चैनल, सीबीएस न्यूज और फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सेंटकॉम ने रविवार को एक्स पर कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर वह 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे (पूर्वी समय) से ईरानी बंदरगाहों में आने और बाहर जाने वाले सभी समुद्री यातायात पर नाकाबंदी लागू करेगा। यह नाकाबंदी सभी देशों के ऐसे जहाजों पर समान रूप से लागू होगी जो ईरान के बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में प्रवेश या निकास करेंगे। इसमें अरब सागर की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के ईरानी बंदरगाह भी शामिल हैं।

सेंटकॉम ने यह स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गैर-ईरानी बंदरगाहों की ओर जाने या आने वाले जहाजों की स्वतंत्र आवाजाही में कोई बाधा नहीं डाली जाएगी। सेंटकॉम ने कहा, घेराबंदी शुरू होने से पहले एक औपचारिक सूचना के माध्यम से वाणिज्यिक नाविकों को अतिरिक्त जानकारी प्रदान की जाएगी। सभी नाविकों को सलाह दी जाती है कि वे प्रसारणों पर नजर रखें और ओमान की खाड़ी तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के निकटवर्ती क्षेत्रों में संचालन करते समय ‘ब्रिज-टू-ब्रिज चैनल 16’ पर अमेरिकी नौसेना बलों से संपर्क करें।

ईरान के इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने रविवार को दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य आम नागरिक जहाजों के लिए खुला है। आईआरजीसी ने एक बयान में कहा कि अगर वे अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करते हैं, तो उन्हें सुरक्षित गुजरने दिया जाएगा। लेकिन कोई भी सैन्य जहाज वहां आया, तो उसे युद्ध विराम का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे जहाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ब्रिटेन और उसके सहयोगी देश होर्मुज जलडमरूमध्य में माइंसवीपर्स जहाज (बारूदी सुरंगों को हटाने का निकालने के लिए) भेजेंगे। मगर ब्रिटेन ने ट्रंप के दावे के विपरीत बयान दिया है। एक सूत्र ने कहा कि ब्रिटेन होर्मुज जलडमरूमध्य की किसी भी अमेरिकी योजना में शामिल नहीं होगा। ब्रिटेन सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा, हम नेविगेशन की स्वतंत्रता और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का समर्थन करते हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य पर किसी भी तरह का टोल नहीं लगाया जाना चाहिए। हम नेविगेशन की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एक व्यापक गठबंधन बनाने के लिए फ्रांस और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page