भारत विकास परिषद, रक्सौल शाखा की नयी कार्यकारिणी का गठन

भारत विकास परिषद, रक्सौल शाखा की नयी कार्यकारिणी का गठन
Facebook WhatsApp

-रजनीश प्रियदर्शी सर्वसम्मति से अध्यक्ष मनोनीत

-सेवानिवृत्त डीएसपी समाजसेवी नरेश कुमार को सचिव पद की कमान

रक्सौल। शहर के बैंक रोड स्थित एक आवासीय परिसर में गुरूवार को भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल की सत्र 2026–27 की नयी कार्यकारिणी के गठन हेतु एक विशेष बैठक परिषद के संरक्षक अवधेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इस अवसर पर उत्तर बिहार प्रांत की ओर से प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक के तौर पर प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. पुतुल सिन्हा एवं प्रांतीय महिला सहभागिता प्रमुख श्रीमती धीरा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। रक्सौल शाखा की ओर से अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं दोशाला भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में सभी सदस्यों के आपसी विचार विमर्श उपरांत सर्वसम्मति से नयी कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें रजनीश प्रियदर्शी को अध्यक्ष, सेवानिवृत्त डीएसपी नरेश कुमार को सचिव तथा सुनील कुमार को वित्त सचिव का दायित्व सौंपा गया। सभी सदस्यों ने सभी नामों का ध्वनिमत से अनुमोदन किया ।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, सचिव नरेश कुमार एवं वित्त सचिव सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सेवा, संस्कार एवं राष्ट्र समर्पण का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने परिषद के पंचसूत्र – संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण को संगठन की शक्ति बताते हुए सभी सदस्यों से समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन एवं सभी पदाधिकारियों के सहयोग से परिषद शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, पर्यावरण एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा जरूरतमंदों तक अपेक्षित सहायता पहुँचाने का कार्य करेगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शीघ्र ही कार्यकारिणी का विस्तार कर विभिन्न गतिविधियों के प्रमुखों की घोषणा एवं दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. पुतुल सिन्हा ने सभी दायित्वधारियों को बधाई देते हुए इस बात को रेखांकित करते हुए परिषद को एक गैर-राजनीतिक, प्रबुद्धजनों का संगठन बताते हुए रक्सौल शाखा को जनहित एवं सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने पर बल दिया। अंत में राष्ट्रगान एवं नवमनोनीत सचिव नरेश कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page