मुंशी सिंह महाविद्यालय में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मोतिहारी। स्वास्थ्य विभाग एवं बिहार एड्स नियंत्रण सोसाइटी, पटना के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुंशी सिंह महाविद्यालय, मोतिहारी की सेहत केंद्र इकाई तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में “जिला स्तरीय एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एकल व्याख्यान एवं विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित होकर आए प्रतिभागियों के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
मुख्य वक्ता के रूप में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, के डॉ. उपमेश कुमार ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करते हुए इसके कारण, लक्षण, बचाव एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन सेहत केंद्र इकाई के जिला नोडल पदाधिकारी तथा राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अमित कुमार ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम. एन. हक, डॉ. विदुषी दीक्षित, डॉ. गौरव भारती, डॉ. मयंक कपिला सहित पूर्वी चम्पारण जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए चयनित प्रतिभागी उपस्थित थे। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में महाविद्यालय, की एमए. हिंदी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा मोनिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रतिभागियों में अलोक कुमार (एमएस कॉलेज), अदिति मुस्कान (एलएनडी कॉलेज), रिया कुमारी सिंह (एलएनडी कॉलेज), कुमारी लक्ष्मी (एमएस कॉलेज), सरिता कुमारी (एमएस. कॉलेज), बिश्वजीत कुमार (एमएस कॉलेज), आर्य कुमार (एलएनडी कॉलेज), अमन अग्रहरि (एमएस कॉलेज), खुशी कुमारी (एलएनडी कॉलेज) तथा उज्ज्वल कुमार (एलएनडी कॉलेज) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एच आईवी/एड्स के प्रति जागरूक करने तथा समाज में इसके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।

