स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत महिला सम्मान समारोह एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
मोतिहारी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–2026 के अंतर्गत नगर निगम मोतिहारी द्वारा निगम कार्यालय के सभा भवन में महिला सम्मान समारोह सह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के अन्तर्गत कार्यरत महिला सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य तथा स्वच्छता के प्रति समर्पण के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जबकि महिला सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उनके स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी, नगर आयुक्त आशीष कुमार, उप महापौर लालबाबू प्रसाद सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। सभी ने महिला सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान में उनके योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सफाई कर्मियों के मनोबल को बढ़ाना तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करना था। साथ ही नगर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने का संकल्प भी लिया गया।

