रक्सौल के नए थाना प्रभारी के रूप में आईपीएस अधिकारी ने संभाला पदभार
-कानून व्यवस्था स्थापित करना प्राथमिकताओं में शामिल ः हेमंत
रक्सौल। रक्सौल थाना में गुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हेमंत सिंह ने थाना प्रभारी के रूप में अपना योगदान दिया। व्यवहारिक प्रशिक्षण के तहत उन्हें रक्सौल थाना का दायित्व सौंपा गया है। उनके रक्सौल पहुंचने पर निवर्तमान थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया तथा औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नए थाना प्रभारी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और थाना क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
बैठक के उपरांत पत्रकारो से बातचीत करते हुए थाना प्रभारी हेमंत सिंह ने कहा कि रक्सौल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा महत्वपूर्ण शहर है, इसलिए यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“रक्सौल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बेहद जरूरी है। हमारी कोशिश होगी कि थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रहे। पुलिस आम लोगों के सहयोग से ही बेहतर ढंग से काम कर सकती है, इसलिए जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत किया जाएगा।”
हेमंत सिंह ने आगे कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण तस्करी, अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में नियमित रूप से पेट्रोलिंग, वाहन जांच और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। मौके पर थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। नए थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद स्थानीय लोगों में भी बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर उम्मीद जगी है।

