सेमरा व झखिया में पुलिस की छापेमारी, चोरी की बाइक खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का उद्भेदन
-चार चोरी की बाइक के साथ तीन गिरफ्तार
-चेसिस व इंजन नंबर बदलकर बेंचते थे बाइक
मोतिहारी। तुरकौलिया पुलिस ने सेमरा और झखिया गांव में छापेमारी कर चोरी की बाइक की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का उद्भेदन किया है। इस दौरान पुलिस ने चोरी की चार बाइक बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह में एक बाइक मिस्त्री भी शामिल है, जो चोरी की बाइक के चेसिस और इंजन नंबर को पंच कर बदल देता था तथा उसका रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर बाइक को बेंचा जाता था।
पुलिस ने बरामद बाइक की जांच एचएचडी मशीन से की, जिसमें एक एचएफ डिलक्स बाइक लखौरा निवासी शिव लोचन पासवान की निकली। यह बाइक वर्ष 2021 में चोरी हुई थी। वहीं एक यामाहा बाइक पश्चिम चंपारण जिले के शनिचरी थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी सुरेश मिश्र के पुत्र अमित कुमार के नाम से पंजीकृत पायी गयी। इसके अलावा एक बाइक कदमावा सरिसवा निवासी मोहन साह के पुत्र तूफान साह के नाम से पंजीकृत है।
थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि सेमरा भेलाछपरा निवासी गौतम साह के पुत्र रतन कुमार के घर चोरी की बाइक होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान रतन कुमार की निशानदेही पर चार चोरी की बाइक बरामद की गयी। गिरफ्तार आरोपियों में रतन कुमार साह, झखिया निवासी राजेश्वर राम के पुत्र बली कुमार राम तथा बुनीलाल राम के पुत्र पवन राम शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने बरामद बाइक को जब्त करते हुए एफआईआर दर्ज की है।
जिसमें गिरफ्तार तीनों के अलावा भेलाछपरा निवासी शिव साह के पुत्र अमित साह उर्फ छेला, झखिया निवासी प्रसाद राम के पुत्र काशी राम, महंगू राम के पुत्र मिथलेश राम (बाइक मिस्त्री) तथा महेन्द्र साहनी के पुत्र राजा साहनी को नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

