जागापाकड़ मे फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
-विवाहिता के परिजन हत्या का लगा रहे है आरोप
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के जागापाकड़ गांव में एक महिला का बंद कमरे में फंदे से लटका हुआ शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका की पहचान अनमोल साह की पत्नी माधुरी कुमारी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मृतका के पिता, थाना क्षेत्र के ओलहां निवासी अजय साह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2017 में पन्नालाल साह के पुत्र अनमोल साह से की थी। शादी के बाद कुछ वर्षों तक सब कुछ ठीक चल रहा था और इस बीच दो बच्चे भी हुए।
पिछले कुछ दिनों से उनकी बेटी को ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे, जिसकी शिकायत उसने उनसे भी की थी। इसको लेकर उन्होंने ससुराल पक्ष से बातचीत भी की थी, लेकिन उनके रवैये में कोई सुधार नहीं हुआ। गुरुवार को सुबह अचानक ग्रामीणों ने फोन कर उन्हें बताया कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है।
जब वे अपनी बेटी के घर पहुंचे तो देखा कि कमरे में ताला बंद था। खिड़की से झांकने पर उनकी बेटी दुल्हन के लिबास में फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया है।
घर के सभी लोग फरार हैं। उसके पड़ोस में रात एक बारात आई थी। इधर, जैसे ही घटना की जानकारी अरेराज एसडीपीओ रवि कुमार को मिली, वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। साथ ही एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना कैसे घटी है। थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिक की दर्ज कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजन को सौंप दिया गया है।

