जनता के दरबार में एसपी की फौरी कार्रवाई, पीड़ितों के पक्ष में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पीपराकोठी। थाना परिसर में आयोजित जनता के दरबार में आयोजित पुलिस अधीक्षक से फरियाद लगाने आते मंगलवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। इस दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात ने करीब 20 आवेदकों की शिकायतें सीधे सुनकर उसके निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
जनता दरबार में सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े सामने आए। कुछ मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया। जबकि कुछ मामलों को अंचलाधिकारी के जनता दरबार में रखकर समाधान कराने का आदेश दिया गया। वहीं एक विद्यालय शिक्षक के साथ मारपीट के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश एसपी ने दिया।
इसी दौरान बंगरी गांव के एक युवक ने शिकायत करते हुए बताया कि उसे गलत मुकदमे में फंसाए जाने के कारण 18 बार सैनिक व अर्धसैनिक बल की परीक्षा में सफल होने के बावजूद आचरण प्रमाण पत्र नहीं मिल सका, जिससे उसे नौकरी से वंचित होना पड़ा। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने डीएसपी-2 जीतेश पांडेय को तत्काल जांच करने का आदेश दिया। जनता दरबार में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर एसपी द्वारा ऑन-द-स्पॉट शिकायतों के निस्तारण की पहल की सराहना की।
साथ ही थानाध्यक्ष के कार्यों की भी प्रशंसा की। हालांकि कुछ पदाधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने उन्हें फटकार लगाई और मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। जनता दरबार में महेश राम, नारद राय, शंभु शरण, रामभजन पासवान, मंजीत सिंह, नन्हकू राम, रेणु देवी, जलालुद्दीन, सौखीलाल सहनी, नरेन कुमार, गोविंद पासवान समेत अन्य फरियादी शामिल हुए।
इस मौके पर उपस्थित चौकिदारो के पोषाक, व रहन शहन को देखकर उनकी सराहना की है। मौके पर डीएसपी-2 जीतेश पांडेय, इंस्पेक्टर सुरेश यादव, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, एएसआई राजबीर, शशिभूषण कुमार, धंनजय कुमार, नन्दलाल पासवान, स्मिता राज श्री, ज्योति महतो, पुलिस बल तथा चौकीदार मौजूद थे।

