फर्जी ढंग से आधार कार्ड बनाकर वृद्धजन पेंशन योजना की लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार
-साइबर फ्रॉड का एक बड़ा सिंडिकेट लोगो की उम्र में हेरफेर कर बना रहा था आधार कार्ड
मोतिहारी । जिले की साइबर पुलिस ने सीएम नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट वृद्धजन पेंशन योजना में फर्जीवाड़ा के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मामले में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन यादव के रूप में हुई है जो पचपकड़ी थाना क्षेत्र के बशही गांव निवासी फेंकू यादव के घर में बैठकर इस साइबर फ्रॉड के पूरे नेटवर्क को संचालित करता था।
मामले में साइबर डीएसपी अभिनव परासर ने बताया है कि इस सिंडिकेट में जितना, बनकटवा और पचपकड़ी थाना क्षेत्र के कुछ युवक शामिल है । उक्त सभी भंडार गांव में बैठकर कम उम्र के लोगों का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवा रहे हैं। इसके बाद उन प्रमाण पत्रों के आधार पर आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मंशा थी। इस पूरे फर्जीवाड़े के माध्यम से बड़ी संख्या में अपात्र लोगों को सरकारी योजना का लाभ दिलाया जा रहा था, और सरकारी खजाने को लूटा जा रहा था।
यह अब अलग जांच का विषय है कि कितने फर्जी ढंग से उक्त योजना का लाभ उठा रहे है। इस दौरान मौके से चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेज और उपकरण भी बरामद किए है।
जब्त सामानों में आधार कार्ड, वृद्धा पेंशन के फॉर्म, जन्म प्रमाण पत्र, लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस, तीन डेमो फिंगरप्रिंट, मोबाइल फोन, वेबकैम और कैमरा समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।इस मामले में संदीप यादव, सुमन यादव, फेकू यादव और धीरज यादव की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

