अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, घीवाढार पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरसिद्धि–अरेराज मुख्य मार्ग पर घीवाढार पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बैरिया निवासी ध्रुव राम के 30 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुड्डू कुमार यादवपुर पंचायत के चैनपुर गांव स्थित अपनी ससुराल से अपनी ग्लैमर बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान जब वह घीवाढार पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि गुड्डू कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम और हरसिद्धि थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी, ताकि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
वहीं स्थानीय मुखिया वीरेंद्र कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

