अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन
Facebook WhatsApp


रक्सौल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रक्सौल अनुमंडलीय अस्पताल में अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया।इस केंद्र का उद्घाटन समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इसके बाद स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया।

इसके बाद विधायक, एसडीओ व अन्य अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र राम ने किया।इस अवसर पर विधायक प्रमोद सिन्हा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रक्सौल को वन स्टॉप सेंटर की सौगात मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच की तरह कार्य करेगा और सरकार महिलाओं की सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता को लेकर प्रतिबद्ध है।

अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर संवेदनशील है।इस केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा और परामर्श एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें अलग-अलग जगहों पर भटकना नहीं पड़ेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित एसएसबी 47वीं बटालियन, रक्सौल के सहायक कमांडेंट रजत मिश्रा ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है। वन स्टॉप सेंटर के संचालन से एसएसबी और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और महिलाओं को आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता मिल सकेगी।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम विनीता कुमारी ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत स्थापित यह केंद्र राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का समन्वित मंच है। इसका उद्देश्य महिलाओं को जागरूक बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर समाज की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करना है।

वहीं अनुमंडल अस्पताल रक्सौल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति स्वपन ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव होती है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को तत्काल चिकित्सीय सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा अन्य जरूरी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। अस्पताल प्रशासन इस केंद्र के साथ समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिलाओं को संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें महिला सशक्तिकरण से संबंधित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। समारोह का समापन जिला मिशन समन्वयक निधि कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।उन्होंने सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों और दूर-दराज से आई महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक दीक्षा कुमारी, काउंसलर खुशबू कुमारी, केस वर्कर मीता कुमारी एवं सुनीता कुमारी सहित महिला एवं बाल विकास निगम के कर्मी निर्भय कुमार, शैलेश कुमार, रितेश कुमार, शशि प्रकाश यादव, ऋतिक राज और अमरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page