सीएम नीतीश के बेटे निशांत जदयू में हुए शामिल,कहा-मुझे अपने पिता पर गर्व,पार्टी को मजबूत करूंगा

सीएम नीतीश के बेटे निशांत जदयू में हुए शामिल,कहा-मुझे अपने पिता पर गर्व,पार्टी को मजबूत करूंगा
Facebook WhatsApp

पटना।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड)(जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई।इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

जदयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कहा, “मैं सभी का धन्यवाद करता हूं। आप सभी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। बिहार और देश के लिए मेरे पिता ने पिछले 20 वर्षों में जो काम किया है, उस पर मुझे गर्व है।”

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के राज्यसभा उम्मीदवार राम नाथ ठाकुर ने कहा कि निशांत कुमार का पार्टी में आना स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि जदयू के कार्यकर्ताओं और आम लोगों की इच्छा थी कि निशांत कुमार पार्टी में आएं और जनता की समस्याएं सुनें।

वहीं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जदयू विधायक रत्नेश सदा ने कहा कि निशांत कुमार बिहार का भविष्य हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अधूरे कार्यों को पूरा करने की दिशा में काम करेंगे।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार लंबे समय से अपने परिवार को राजनीति से दूर रखते आए हैं। ऐसे में उनके बेटे के राजनीति में प्रवेश को लेकर परिवारवाद के आरोप भी लग सकते हैं। हालांकि जदयू नेताओं का कहना है कि यह निर्णय नीतीश कुमार का व्यक्तिगत फैसला नहीं बल्कि पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता की मांग का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से निशांत कुमार लगातार पार्टी विधायकों से मुलाकात कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर जदयू के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों से बातचीत की। इसके अलावा संजय झा के आवास पर भी कुछ युवा विधायकों के साथ बैठक की।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की देखरेख में निशांत कुमार की राजनीतिक प्रशिक्षण प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि आने वाले समय में उन्हें जदयू में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है और पार्टी में नए नेतृत्व की शुरुआत हो सकती है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page