यूपीएससी में 290 रैंक लाकर संजीव कुमार ने जिले का नाम किया रौशन
-पिता चलाते हैं परचून की दुकान
मोतिहारी। जिले के भारत नेपाल सीमा पर बसे गांव से निकल कर संजीव ने यूपीएससी में 290 रैंक लाकर हासिल कर जिले का मान सम्मान बढाया है।
यूपीएससी के रिजल्ट प्रकाशित होते ही भारत नेपाल सीमा से सटे घोड़ासहन प्रखंड क्षेत्र के पीठवा गांव में खुशी लहर दौड़ गई।दरअसल इस गांव के संजीव कुमार ने 290 रैंक लाया है। पारचून व्यवसाई सुनील कुशवाहा और सुनीता कुमारी के पुत्र संजीव कुमार ने देश के सबसे कठिन एवं प्रतिष्ठित माने जाने वाले यूपीएससी के परीक्षा में 290 रैंक लाकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। संजीव का यह तीसरा प्रयास था।
इसके पहले संजीव अपने दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 583 प्राप्त कर आईआरएस की ट्रेनिंग कर रहा था। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। संजीव ने बातचीत में बताया कि वर्ष 2022 में दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी।
वर्ष 2023 में पहले प्रयास में वे मेंस परीक्षा तक पहुंचे, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद भी हार नहीं माना, लगातार मेहनत जारी रखा। लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि दूसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल हुई, लेकिन उनके मन को संतुष्टि नहीं मिली, उन्हें आईएएस या अन्य केंद्रीय सेवा पद में जाने का जुनून सवार था।
घोड़ासहन क्षेत्र के रहने वाले आईएएस अधिकारी राहुल कुमार ने संजीव कुमार को बधाई देते हुए कहा कि अब गांवों में भी यूपीएससी की तैयारी के लिए बेहतर माहौल बन रहा है। पहले छात्र इसके लिए शहरों की ओर रुख करते थे, लेकिन अब गांव के छात्र भी मेहनत और सही मार्गदर्शन से बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं।संजीव कुमार की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

