भीषण गर्मी में पेयजल संकट से निपटने के लिए प्रशासन तैयार
-डीएम ने 27 प्रखंडों के लिए मरम्मती दल को रवाना किया
मोतिहारी। भीषण गर्मी की संभावना को ध्यान में रखते हुए पूर्वी चंपारण जिलान्तर्गत खराब पड़े चापाकलों की मरम्मती को लेकर जिला पदाधिकारी, सौरभ जोरवाल ने चलंत चापाकल मरम्मती दल को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सभी 27 प्रखंडों के लिए फ्लैग-ऑफ को रवाना किया।जाहिर है कि इस वर्ष सभी प्रखण्डों में मरम्मती दल कार्यरत रहेगा, जिसके लिए रोस्टर तैयार कर कार्यालय आदेश निर्गत किया गया है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है, ऐसे में भू-गर्भ जल-स्तर भी नीचे चला जा सकता है। जिससे पेयजल की समस्या भी आ सकती है। इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी शुरू कर दी गयी है, ताकि आम जनता को कोई समस्या न हो।
कुल 27 चलंत चापाकल मरम्मती दलों को शनिवार को रवाना किया गया, जो सभी 396 पंचायतों में घूम-घूमकर खराब चापाकलों को ठीक करेगा। उन्होंने पंचायतों के जन-प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया है कि खराब चापाकलों की सूची उपलब्ध कराये, ताकि मरम्मति दल द्वारा उसे भी ठीक किया जा सके। आम जनता भी टॉल-फ्री नं पर सूचना प्रदान कर सकती है। प्राप्त सूचना के आलोक में खराब चापाकलों को तुरत ठीक किया जाएगा।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि पूरे जिला में पीएचईडी के अधीन चापाकलों की कुल संख्या 38,801 है। खराब चापाकलों का सर्वेक्षण कराया गया था। इसके अनुसार मोतिहारी जिला अन्तर्गत 4463 अदद खराब चापाकलों की मरम्मती का लक्ष्य है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी निदेशित किया गया है कि जन-प्रतिनिधियों से संपर्क कर खराब चापाकलों की सूची प्राप्त कर मरम्मती कराएं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिला में एक भी चापाकल खराब नहीं रहे। चापाकल मरम्मती एवं पेयजल संकट से निदान के लिए टौल फ्री नं. एवं जिला नियत्रंण कक्ष स्थापित किया गया है, जिस पर सम्पर्क कर खराब चापाकलों की मरम्मती संबंधी शिकायत दर्ज की जा सकती है। यह सुबह 10 बजे से शाम 06 बजे तक कार्यरत रहेगा। कोई भी व्यक्ति निम्नांकित दूरभाष पर पेयजल संकट से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
टौल-फ्री नं. -18001231121
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मोतिहारी नियत्रंण कक्ष -06252-233374
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, ढाका नियत्रंण कक्ष –
06252-296049 है। उक्त अवसर पर कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल एवं अन्य भी उपस्थित थे।

