कानपुर में हुए सड़क हादसे में हरसिद्धि के युवक की मौत
होली के दिन हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम
हरसिद्धि। कानपुर में हुए एक सड़क हादसे में पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि प्रखंड निवासी एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव निवासी नगीना पटेल का 22 वर्षीय पुत्र सुमन पटेल बताया गया है। सुमन
कानपुर में रहकर काम करता था,परिजनों के अनुसार होली के दिन अचानक सड़क दुर्घटना में सुमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी शोक व्यक्त करने के लिए मृतक के घर पहुंचने लगे।
मृतक के पिता नगीना पटेल ने बताया कि कानपुर से शव को गांव लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
सुमन अपने पीछे पत्नी, माता-पिता और तीन वर्षीय दिव्यांग बेटी को छोड़ गया है, पिता की असमय मौत से बच्ची के सिर से साया उठ गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

