सिलेंडर विस्फोट में घर में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख 

सिलेंडर विस्फोट में घर में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख 
Facebook WhatsApp

पताही।  प्रखंड क्षेत्र के चंपापुर गांव में मंगलवार की देर रात गैस सिलेंडर फटने से एक घर में भीषण आग लग गई। इस आगलगी की घटना में घर में रखा बर्तन, कपड़ा, अनाज और जमीन से संबंधित जरूरी कागजात समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार चंपापुर गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी आनंद मोहन ठाकुर के घर में यह घटना घटी। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर ही गैस एजेंसी से नया सिलेंडर लाया गया था। शाम में जब उनकी बहू खाना बनाने के लिए सिलेंडर चालू की, तभी अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होते ही घर में आग फैल गई और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी तेज होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में घर में रखा बर्तन, कपड़ा, अनाज और जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित आनंद मोहन ठाकुर ने बताया कि दोपहर में ही गैस एजेंसी से सिलेंडर लाया गया था। शाम में बहू जब खाना बनाने के लिए सिलेंडर चालू की, तभी अचानक ब्लास्ट हो गया और आग पूरे घर में फैल गई। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और अंचल कार्यालय को दे दी गई है। पीड़ित ने अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर क्षति का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। टीम के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। वहीं अंचलाधिकारी नाजनी अकरम ने बताया कि गैस सिलेंडर से आग लगने की जानकारी मिली है। सूचना मिलने के बाद जांच के लिए कर्मियों को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page