होली के दिन सड़क हादसे में बाइक सवार पुजारी की मौत,एक गंभीर 

होली के दिन सड़क हादसे में बाइक सवार पुजारी की मौत,एक गंभीर 
Facebook WhatsApp

पताही। होली के दिन पताही थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बलुआ नहर के पास हुई, जिसमें एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, डुमरी से पताही की ओर आ रहे बाइक सवार दो युवक बलुआ नहर पर बने पुल के समीप असंतुलित हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और पुल पर टूटी रेलिंग के कारण बाइक सीधे नहर में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि पताही पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी गांधी मंडल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वे पेशे से पुजारी थे।

वहीं, चंपापुर गांव निवासी रंजीत कुमार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रंजीत कुमार को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पताही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक का असंतुलित होना बताया जा रहा है, हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बलुआ नहर पर बने पुल की दोनों ओर की रेलिंग लंबे समय से टूटी हुई है। इस कारण यहां आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को कई बार इस संबंध में सूचना दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने पुल की रेलिंग को तत्काल ठीक कराने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

थानाध्यक्ष बवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page