प्रेम-प्रसंग में युवक ने पेड़ में फंदे से लटक कर दें दी जान
पताही। थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में रिश्ते में लगने वाली भगिनी से प्रेम प्रसंग के कारण एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जिहुली पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी प्रकाश माझी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि प्रकाश मांझी ने गांव के समीप बौधी बरहम बाबा स्थान के पास एक पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तब उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन और पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक युवक करीब एक सप्ताह पहले रिश्ते में लगने वाली अपनी भगिनी को लेकर फरार हो गया था। बाद में परिजनों ने दोनों को वापस घर बुला लिया। इसी बीच युवती की शादी कहीं और तय कर दी गई, जिससे आहत होकर युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस संबंध में डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम- प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। युवक ने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले वह एक लड़की के साथ फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

