एमजीसीयू के छात्र उज्ज्वल कुमार का आई-डिस्कवर फेलोशिप में चयन
मोतिहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयूबी) के सामाजिक कार्य विभाग के एम.एस.डब्ल्यू. अंतिम सेमेस्टर के छात्र उज्ज्वल कुमार का चयन शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था क्षमतालय फउंडेशन की आई डिस्कवर फेलोशिप के लिए किया गया है।
यह फेलोशिप पूर्णकालिक स्वरूप की है तथा चयन के उपरांत उन्हें समस्तीपुर जिले में कार्य करने की जिम्मेदारी प्रदान की गई है। उल्लेखनीय है कि उज्ज्वल कुमार शीघ्र ही विश्वविद्यालय से परास्नातक उपाधि प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाले हैं, ऐसे में उनका यह चयन एक महत्वपूर्ण रोजगारोन्मुख उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयन होना विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उज्ज्वल का पैतृक संबंध समस्तीपुर जिले से है, किंतु विगत लगभग दो दशकों से उनका परिवार मोतिहारी में निवास कर रहा है। समस्तीपुर में कार्य करने का अवसर मिलने को वे अपनी मातृभूमि से पुनः जुड़कर समाज की सेवा करने का सुनहरा अवसर मानते हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के छात्र–छात्राओं तथा स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। लोगों का मानना है कि शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भविष्य में भी समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

