सीआरपीएफ जवान की लापता अबोध बच्ची समस्तीपुर से बरामद, परिजनों को सौंपा गया
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर दुर्गा चौक से बीते 25 फरवरी की रात लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची अनू को समस्तीपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। बच्ची की बरामदगी के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। बच्ची अपने पिता की गोद में पहुंचते ही परिजन भावुक हो उठे।
बताया जाता है कि अनू जयसिंहपुर दुर्गा चौक के रहने वाले सीआरपीएफ जवान रंजीत कुमार की पुत्री है। 25 फरवरी की रात अनू अपने परिजनों के साथ पड़ोस में आई एक बारात देखने गई थी। देर रात जब सभी लोग घर लौटे तो बच्ची गायब थी। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर बच्ची के लापता होने की सूचना दी। बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की जानकारी मिलते ही अनू के पिता रंजीत कुमार ओडिशा में ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर पहुंचे और बच्ची की तलाश में जुट गए। इसी बीच रविवार की शाम समस्तीपुर चाइल्ड लाइन की ओर से परिवार को फोन कर सूचना दी गई कि उनकी बच्ची को 26 फरवरी को एक ट्रेन से रेलवे पुलिस ने समस्तीपुर में एक ट्रेन से रेस्क्यू किया है। इसके बाद परिजन समस्तीपुर पहुंचे, जहां ममता शिशु गृह में बच्ची को सुरक्षित रखा गया था। सोमवार को समस्तीपुर स्थित ममता शिशु गृह की कोऑर्डिनेटर अनुपा कुमारी द्वारा बच्ची को उसके पिता रंजीत कुमार और चाचा त्रिभुवन कुमार को सौंप दिया गया। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
बच्ची फिलहाल इतना ही बता पा रही है कि उसे “मामा” अपने साथ लेकर आया था। हालांकि यह मामा कौन है, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में आगे की जांच जारी है। सीआरपीएफ जवान रंजीत कुमार ने बच्ची की बरामदगी में सहयोग करने के लिए मीडिया और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, ताकि बच्ची को समस्तीपुर तक ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।

