जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का सिविल सर्जन ने शुभारंभ किया
-सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन को लेकर जिला भर में शुरू हुआ टीकाकरण
मोतिहारी। देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए शनिवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया।
मुख्यालय स्थित एमसीएच भवन में सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने फीता काटकर विशेष टीकाकरण अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिले के स्वास्थ्य विभाग के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
अभियान की शुरुआत कुमारी निकिता के टीकाकरण से हुई। टीकाकर्मी एएनएम नवनीता कुमारी एवं हर्षिता कुमारी ने टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी की, जबकि निश्चय कुमार एवं अपूर्व ने तत्काल पोर्टल पर डेटा अपडेट किया। पहले दिन कुल नौ बच्चियों को यह सुरक्षा कवच प्रदान किया गया।
सिविल सर्जन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टीका वर्तमान में 14 से 15 वर्ष की आयु की बच्चियों को दिया जा रहा है। अगले तीन महीनों तक यह टीका सदर अस्पताल के साथ ही सभी पीएचसी और एसडीएच में उपलब्ध रहेगा। यह एक ‘सिंगल डोज’ दिया जाने वाला टीका है, जो पूरी तरह सुरक्षित है।
तीन माह के विशेष अभियान के बाद, इसे नियमित टीकाकरण (आर आई) सत्रों में शामिल कर लिया जाएगा। ”यह टीका बच्चियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे से सुरक्षित रखेगा। डीएस डॉ. एसएन सत्यार्थी, गावी क्षेत्रीय संयोजक डॉ. धर्मेन्द्र, डॉ. सुनील कुमार, प्रबंधक, रूपेश मिश्रा, एसएमसी नवीन कुमार, नरोत्तम कुमार और गुंजन कुमारी ने भागीदारी निभाई। डब्ल्यूएचओ टीम से नरोत्तम कुमार, राकेश कुमार झा, संजय वर्मा, सुजीत कुमार, अनिल कुमार और सुमित कुमार की भूमिका सराहनीय रही।

