बारात गाड़ी से भारी मात्रा में शराब बरामद
पूर्वी चंपारण। जिले के मधुबन थाना पुलिस ने होली के पहले शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। पुलिस ने बारात गाड़ी के रूप इस्तेमाल किये जा रहे एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार किया है।जबकि अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए।
मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो में दूल्हे के पोस्टर और बैनर लगाकर शराब की बड़ी खेप मधुबन थाना क्षेत्र में पहुंचाई जाने वाली है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पकड़ीदयाल एसडीपीओ कुमार चंदन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।टीम ने त्वतरित कारवाई करते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक वाहन पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। जिसका पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से कुल 51 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 442 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने ले आई। इसके बाद संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करते हुए फरार तस्करों के घरों की भी तलाशी ली गई।
गिरफ्तार चालक से पूछताछ के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नामों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मधुबन थाना पुलिस द्वारा शराब तस्करों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के मद्देनजर क्षेत्र में सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

