सारण में दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी की लूट

सारण में दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी की लूट
Facebook WhatsApp

सारण। जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार में आज दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक लूट की घटना को अंजाम दिया। दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने ‘गुप्ता ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार’ से लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण और नकदी लूट ली।वारदात के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर लगभग 1 से 2 बजे के बीच की है। दुकान संचालक बृज बिहारी गुप्ता ग्राहकों को गहने दिखा रहे थे तभी अपराधी वहां पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन अपराधी बोरा लेकर दुकान के भीतर घुसे और दुकानदार को गन पॉइंट पर ले लिया। दो अपराधी दुकान के बाहर हथियार लहराते हुए पहरा देते रहे और फायरिंग कर लोगों को डराया। चंद मिनटों में ही अपराधी कीमती आभूषण और कैश बोरे में भरकर उत्तर दिशा की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया है।

एसडीपीओ सदर-2 ने जानकारी दी है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की तस्वीरें स्पष्ट आई हैं। तकनीकी सेल की मदद से छापेमारी जारी है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। इस डकैती के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। व्यवसायियों ने जिला प्रशासन से बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत साझा करें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page