मुख्यमंत्री ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना का लिया जायजा,अप्रैल तक शेष कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश

मुख्यमंत्री ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना का लिया जायजा,अप्रैल तक शेष कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और शेष बचे निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि परियोजना का कार्य तेजी से प्रगति पर है और शेष कार्यों को अप्रैल माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुल के साथ-साथ पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और निर्बाध रूप से प्रारंभ किया जा सके।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने से राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को निर्बाध सड़क संपर्कता उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल परियोजना से इस क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। इससे कृषि, उद्योग और अन्य व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में मरीजों को पटना पहुंचने में काफी सुविधा होगी, जिससे समय पर इलाज संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक की सड़क संपर्कता पहले ही बहाल हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण करते रहें, ताकि गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि इस पुल के पूर्ण होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का भार कम होगा। इसके साथ ही उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। इस पुल के निर्माण से पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में आसानी से आवागमन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे को कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल परियोजना से जोड़ा जाएगा। इससे समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी की ओर जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और यात्रा के समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों का निर्माण कर प्रदेश में आवागमन व्यवस्था को मजबूत बना रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 23 जून 2025 को कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक नवनिर्मित पथांश का उद्घाटन किया गया था।

उल्लेखनीय है कि यह परियोजना पटना जिले के राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर स्थित कच्ची दरगाह और वैशाली जिले के राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-103 पर स्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बनाई जा रही है। कुल 19.76 किलोमीटर लंबी इस 6 लेन ग्रीनफील्ड पुल परियोजना में 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल तथा लगभग 10 किलोमीटर लंबे पहुंच पथों का निर्माण शामिल है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page