मदुरांतकम से प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का किया शंखनाद

मदुरांतकम से प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का किया शंखनाद
Facebook WhatsApp

चेंगलपट्टू। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। रैलियों और जनसभाओं का दौर शुरू हो चुका है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चेंगलपट्टू जिले के मदुरांतकम से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनावी अभियान का शंखनाद किया।प्रधानमंत्री यहां आयोजित राजग की चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र की राजग सरकार ने तमिलनाडु के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने कहा, “2014 से पहले जब दिल्ली में कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन की सरकार थी, तब तमिलनाडु के विकास के लिए बहुत कम धनराशि दी जाती थी। पिछले 11 वर्षों में केंद्र की राजग सरकार ने केवल प्रत्यक्ष ट्रांसफर के माध्यम से तमिलनाडु को लगभग 3 लाख करोड़ रुपये दिए हैं, जो कांग्रेस-द्रमुक सरकार के समय दिए गए फंड से लगभग तीन गुना अधिक है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के लोगों के कल्याण के लिए लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-द्रमुक शासनकाल में गरीबों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के नाम पर केवल घोटाले हुए, जबकि राजग सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी केरल से तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार उनका आगमन दोपहर 2.15 बजे होना था, लेकिन तकनीकी कारणों से वे लगभग 2.40 बजे चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचे।

चेन्नई हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, राज्य सरकार के मंत्री था.मो. अंबरसन, भाजपा और अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता, मुख्य सचिव मुरुगानंदम तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वेंकटरामन उपस्थित रहे।

हवाई अड्डे से प्रधानमंत्री मोदी विशेष हेलीकॉप्टर से मदुरांतकम रवाना हुए। मदुरांतकम के हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल पर अन्नाद्रमुक और भाजपा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाड़ी के. पलानीस्वामी, उप महासचिव के.पी. मुनुसामी, नथम विश्वनाथन, कोषाध्यक्ष डिंडीगुल श्रीनिवासन, वरिष्ठ नेता एस.पी. वेलुमणि, पूर्व मंत्री थंगमणि सहित राजग के अन्य सहयोगी दलों के नेता शामिल थे।

प्रधानमंत्री मोदी इस जनसभा के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजग की रणनीति को जनता के सामने रख रहे हैं। जनसभा को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की उपस्थिति देखी जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page