दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिली इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे की जांच कराने और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।उन्होंने घटना स्थल पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ गृहमंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को तत्काल निलंबित करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल अनुग्रह राशि प्रदान करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीमें मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि जिम्मेदारी संपत्ति मालिकों की भी है। इनमें से कई गलियां मुश्किल से दो से तीन फुट चौड़ी हैं, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।एनडीआरएफ ने घटनास्थल पर तलाशी और बचाव अभियान चलाया। दिल्ली पुलिस के अनुसार इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और चार घायल हैं।

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यहां इमारत का निर्माण चल रहा था। इस दौरान स्लैब डालते समय इमारत गिर गई। इमारत बुरी तरह धंस गई है और आसपास की इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। गिरी हुई इमारत के बगल वाली इमारत भी खतरनाक स्थिति में है।

एनडीआरएफ टीम मलबे में फंसे लोगों की निकाला रही है। तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की मौत हो गई है। बचाव अभियान जारी है। निर्माणकर्ताओं की पहचान हो गई है। हम फिलहाल उनकी तलाश कर रहे हैं। यह अवैध निर्माण कार्य यहां चल रहा था और हमने इस संबंध में नगर निगम एजेंसियों को पहले ही पत्र भेज दिया था। हम इस पर कार्रवाई कर रहे थे, लेकिन काम अभी तक नहीं रोका गया था।

घटना के समय 10-15 मजदूर मौजूद थे।सीताराम बाजार वार्ड नंबर 78 की पार्षद रफिया माहिर ने इलाके में इमारत गिरने की घटना पर कहा कि सुबह 9:50 बजे यह इमारत गिर गई। यहां अवैध निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके बारे में हमने पिछली बैठक में स्थायी समिति और महापौर को पहले ही बता दिया था।

राजनीतिक मकसद से प्रेरित बिल्डर यहां निर्माण कर रहे हैं और लोगों को परेशानी हो रही है। इन मुद्दों को उठाते हुए मैंने बार-बार यह बात कही है, लेकिन वे बिल्कुल नहीं सुनते… इसलिए, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page