ब्रेक फेल होने से कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पांच कोच और इंजन पटरी से उतरे,सभी यात्री सुरक्षित

ब्रेक फेल होने से कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पांच कोच और इंजन पटरी से उतरे,सभी यात्री सुरक्षित
Facebook WhatsApp

लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा-शताब्दी एक्सप्रेस से संभावित टक्कर बचाने के लिए लूप लाइन पर मोड़ी गई ट्रेन-एक ही पटरी पर चल रही थी कोलकाता-साइरंग एवं शताब्दी

गुवाहाटी।असम की राजधानी गुवाहाटी के बाहरी इलाके डिगारू में बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे ब्रेक फेल होने के कारण कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन के पांच कोच और इंजन बेपटरी हो गए। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की है।

पूसीरे के अनुसार, लोको पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से बड़ा रेल हादसा टल गया। बताया गया है कि दुर्घटनास्थल पर कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस को रुकने का सिग्नल मिला था, क्योंकि उसी ट्रैक पर सामने से शताब्दी एक्सप्रेस आ रही थी। इसी दौरान कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को लूप लाइन की ओर मोड़ने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद ट्रेन पटरी से उतर गई।इस बीच लोको पायलट का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह ट्रेन के ब्रेक के साथ इमरजेंसी ब्रेक के भी काम नहीं करने की बात कहता सुनाई दे रहा है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, लोको पायलट की तत्परता से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि समय रहते निर्णय नहीं लिया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

हादसा ऐसे स्थान पर हुआ, जहां आसपास कोई आबादी नहीं थी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में तत्काल मदद की। रेलवे और पुलिस प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य तेज किया। रेलवे के अभियंता और कर्मचारी क्षतिग्रस्त ट्रैक एवं बिजली व्यवस्था की मरम्मत के साथ बेपटरी हुए कोच और इंजन को हटाने में जुटे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक, लामडिंग मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

रेलवे के अनुसार, अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। पहले विभिन्न स्थानों पर रोकी गई ट्रेनों को भी आगे रवाना किया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के कारण कुछ लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ का परिचालन बीच रास्ते तक सीमित कर दिया गया है। अंतिम सूचना मिलने तक राहत, बचाव और ट्रैक की मरम्मत का काम जारी था।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page