रंगदारी मामले मे फरार मुखिया विनोद यादव पर 15 हजार का इनाम घोषित, पुलिस ने जारी किया फोटो
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र में रंगदारी के मामले में फरार चल रहे पचरूखा पंचायत के मुखिया विनोद यादव पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने फरार मुखिया का फोटो भी जारी किया है। पुलिस ने आम लोगों से उसके संबंध में जानकारी देने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा पाठक टोला निवासी मिथलेश पाठक ने मार्च में थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आवेदन में उन्होंने मुखिया विनोद यादव पर अपने पुत्र मोहित को मोतिहारी से बंदूक के बल पर उठाकर ले जाने और भय दिखाकर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया था।
मिथलेश पाठक ने पुलिस को बताया था कि उनके पुत्र को इस कदर भयभीत किया गया था कि वह घटना के संबंध में किसी को कुछ बताने से भी डर रहा था। बाद में पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई और प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही मुखिया विनोद यादव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अब एसपी ने उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने या उसके संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले के लिए 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस द्वारा जारी फोटो के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

